निकाय चुनाव के लिए महापौर और पार्षदों के लिए नामांकन के आखिरी दिन इंदौर और जबलपुर के भाजपा प्रत्याशियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की उपस्थिति में पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज ने इंदौर में महापौर पद की लड़ाई को धन वर्सेस ज्ञान का एंगल दे दिया। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि यहाँ लड़ाई धन के पुजारी और ज्ञान के पुजारी के बीच में है। पुष्यमित्र भार्गव की छवि साफ़ सुधरी है। मुख्यमंत्री शिवराज ने आने वाले 10 सालों में इंदौर द्वारा बेंगलुरु और हैदराबाद को पीछे छोड़ने के बात भी कही। सीएम ने यह भी कहा कि इंदौर के संपूर्ण विकास का हमारा रोडमैप तैयार है। हालाँकि सीएम मंच से नेताओं को चेतावनी देना भी नहीं भूले। 

मुख्यमंत्री शिवराज ने मंच पर बैठे नेताओं से दो टूक कहा कि ध्यान रखना अगर मेयर तुम्हारा नहीं रहेगा तो उद्घाटन के लिए तरस जाओगे। उन्होंने कहा कि हम पैसा तो भेजेंगे लेकिन वो पैसा नगर निगम को भेजेंगे। यहाँ नगर निगम ही सड़क बनाएगा कोई मुख्यमंत्री सड़क बनाने नहीं आएगा। जब शिवराज ने यह बात कही तब मंच पर कैलाश विजयवर्गीय, रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, आकाश विजयवर्गीय, सुदर्शन गुप्ता, तुलसी सिलावट जैसे बड़े नेता मौजूद थे। 

दूसरी ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है इंदौर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बूथ विजय का संकल्प लेकर प्रत्येक बूथ पर भाजपा के महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव को प्रचण्ड बहुमत से विजय बनाकर इतिहास रचेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कांग्रेस के छल, झूठ और कपट की राजनीति को प्रत्येक बूथ पर जवाब देना है। हमें सभी बूथ पर भाजपा को ऐतिहासिक मतों से विजय बनाना है।

इंदौर के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा जबलपुर पहुंचे और यहाँ भाजपा के महापौर उमीदवार जितेन्द्र जामदार के नामांकन में शामिल हुए। शनिवार को महापौर और पार्षदों के दोपहर 3 बजे तक नामांकन भरे गए। 20 जून को इनकी जांच होगी और 22 जून तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी।