भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को सुबह 6:30 बजे अधिकारियों की बैठक बुला ली। सीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सिवनी और नीमच के कलेक्टर व एसपी से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत जनहितैषी योजनाओं की जानकारी लेकर महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। सीएम ने ला एंड आर्डर पर भी दोनों जिलों के अधिकारियो को अहम निर्देश दिए।
सीएम चौहान ने सिवनी के अधिकारियों से जिले में पेयजल की व्यवस्था के बारे में पूछा? उन्होंने पूछा— कहीं ठेकेदार गड़बड़ी तो नहीं कर रहे हैं? प्रधानमंत्री आवास योजना की जिले में क्या स्थिति है? उन्होंने जिला पंचायत सीइओ से पूछा कि आप फील्ड में जाते हैं, आपने देखे कि मकान कैसे बन रहे हैं? नीचे के लोग पैसे तो नहीं खा रहे हैं?
सीएम ने इस योजना के संबंध में कलेक्टर से भी ध्यान रखने को कहा. उन्होंने कहा कि आवास प्लस की चिट्ठी एक-एक के घर जाना है। मुझे नाम जुड़वाने के नाम पर पैसे लेने की शिकायत मिली है, आपके यहां यदि कोई ऐसा कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्यवाई करें। आवास प्लस के नाम पर पैसे लेने की कोशिश को सख्ती से रोकने का प्रयास करें। यदि ऐसी शिकायत आई तो मैं इसे गंभीरता से लूंगा।
सीएम शिवराजसिहं ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आपके अमृत सरोवर आइडियल बनें, इनमें सिर्फ गड्डा नहीं खोदना है। उन्होंने पूछा कि सिवनी जनपद में पदस्थ सीइओ की शिकायत है क्या? सीएम ने प्रमुख अधिकारियों की रिपोर्ट भी तलब की. सीएम ने एसपी से कहा कि आपके इलाके में पुलिस के कुछ अधिकारी कई सालों से पदस्थ हैं। कौन गड़बड़ियों में शामिल हैं, मुझे बताएं। अच्छा काम करने वालों की भी सूची भेजें। उन्होंने कहा कि हमें अच्छे अधिकारियों को पुरस्कृत भी करना है।
सीएम ने समाज को तोड़ने की गतिविधियों में लिप्त लोगों की सूची बनाने को कहा। उन्होंने पूछा कि एक जिला, एक उत्पाद के तहत सीताफल की ब्रांडिंग और मार्केटिंग के लिए क्या किया? सिवनी में जीरा शंकर चावल का कितना उत्पादन हो रहा है? उन्होंने जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए और किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित करने को भी कहा।