शिवराज सिंह का अहम बयान— नड्डा के दौरे के साथ 2023 का भी शंखनाद..!

भोपाल।  इस बीच सोमवार को सीएम शिवराज सिंह ने बड़ा बयान दिया। जेपी नड्डा के दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के साथ एमपी में 2023 के चुनाव के लिए भी शंखनाद हो जाएगा। इसी के साथ उन्होंने निकायों और विधानसभा चुनाव में पार्टी टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं को बड़ा मैसेज भी दिया है।

जेपी नड्डा का दौरा प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव यानी मिशन 2023 के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। नड्डा यहां सीएम शिवराज, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकर 2023 के चुनाव के लिए रणनीति पर बातचीत करेंगे। बीजेपी प्रेसिडेंट नड्डा के तीन दिन तक एमपी में रहने के कारण वे नेता भी खासे एक्टिव हो गए हैं, जो निकायों और विधानसभा चुनावों में पार्टी की टिकट चाहते हैं।

सबसे खास बात यह है कि टिकट के लिए दावेदारी कर रहे ऐसे नेताओं को लेकर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अहम बयान दिया। उन्होंने कहा— ''इस बार भीड़ वालों पर ही विचार होगा...हम देखें​गे कि किसके साथ कितने लोग हैं...राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आगमन मिशन 2023 का शंखनाद है, कार्यकर्ताओं को अब तैयार होना है। इस तरह सीएम ने साफ जता दिया कि जिसके साथ ज्यादा लोग हैं, यानी जनता है, इसी के आधार पर 2023 में टिकट पर विचार होगा। 

सीएम ने कहा ''नड्डा जी के आगमन के साथ ही यह साफ हो जाएगा किस जनप्रतिनिधि में कितनी दम है। किसके साथ कितने लोग हैं, अब उसी के आधार पर विचार होगा। इसलिए अब सब तैयार हो जाएं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने यह कहकर स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जिन नेताओं का जनाधार है और जनता जिसके साथ होगी, चुनाव में टिकट उन्हें ही मिलेगा।

इधर राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर मध्यप्रदेश के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को हिदायतें दी हैं। शर्मा ने कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बड़ी जीत दिलाकर आ रहे हैं। इसलिए उनके स्वागत में कोई कमी न रहे लेकिन अनुशासन का ख्याल भी जरूर रहे। उन्होंने एक के ऊपर एक होर्डिंग नहीं लगाने की हिदायत दी।