Odisha Bus Accident: ओडिशा के गंजम इलाके में दिगपहांडी पुलिस सीमा के अंतर्गत खेमुंडी कॉलेज के पास देर रात एक दर्दनाक बस दुर्घटना में करीब 12 यात्रियों की मौत हो गई. साथ ही 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए.
खबरों के मुताबिक, रायगड़ा से भुवनेश्वर जा रही एक शादी की बस दिगपहांडी के खेमुंडी कॉलेज के पास एक सरकारी बस से टकरा गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे.
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया-
घायलों को तुरंत बरहामपुर एमकेसीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, एक गंजम जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क हादसे में करीब 12 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए. उन्होंने कहा, 'दो बसों की टक्कर में 12 यात्रियों की मौत हो गई. घायलों को तुरंत इलाज के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. मामले की जांच की जा रही है. हम घायलों को हरसंभव मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.'
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान-
इस बीच, ओडिशा मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गंजम जिले में बस दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों को तीन लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है.