Commercial Cylinder Price: देश में महंगाई दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है. ऐसे में टमाटर के बाद अब कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर भी महंगा हो गया है. ऑयल मार्केटिंग कंपनी ने आज सुबह कमर्शियल एलपीजी की कीमत में बढ़ोतरी कर दी. हालांकि, राहत भरी खबर यह है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
प्रति सिलेंडर 7 रुपये की बढ़ोतरी-
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज सुबह एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम अपडेट कर दिए हैं. मीडिया एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक, कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं. कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी के दाम 7 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ा दिए हैं.
नतीजतन, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की खुदरा कीमत 1,773 रुपये से बढ़कर 1,780 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है. हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
चार महीने बाद कीमतों में बढ़ोतरी हुई-
पिछले चार महीने से लगातार गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती कर उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही थी. लेकिन आज से कीमतों में मामूली बढ़ोतरी हुई है. 1 मार्च 2023 को सिलेंडर की कीमत 2119.50 रुपये थी. जिसके बाद अप्रैल में यह घटकर 2028 रुपये, मई में 1856.50 रुपये और 1 जून को 1773 रुपये हो गई थी. अब चार महीने बाद कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 7 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.