प्रदेश में निकाय चुनावों को लेकर प्रचार अब जोर पकड़ता जा रहा है। जीत के लिए उम्मीदवार एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। साथ ही जनता के बीच पहुँच नित नए वादे कर रहे हैं तो कुछ उम्मीदवार अपने बीते कार्यकाल को लेकर जनता की नाराजगी का भी सामना कर रहे हैं। ऐसे उम्मीदवार जनता के कोप से बचने तमाम तरह के जतन भी करते दिखाई दे रहे हैं।  

विदिशा में वार्ड 18 से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज खींची भी जनता की नाराजगी को जानकर हेलमेट पहनकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। हेलमेट पहनकर प्रचार करने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी मनोज खींची सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। 

मनोज खींची को कांग्रेस ने वार्ड 18 से प्रत्याशी बनाया है। बताय जा रहा है कि मनोज वार्ड 18 से दो बार पहले भी पार्षद रह चुके हैं। तीसरी बार पार्टी ने उन्हें फिर से टिकट दिया है। मनोज की पत्नी भी पार्षद रह चुकी हैं। 

हेलमेट पहनकर चुनाव प्रचार करने के पीछे मनोज ने जो कारण बताया वो भी दिलचस्प है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उन्हें नसीहत दी गई थी कि वे हेलमेट पहनकर चुनाव प्रचार में आएं नहीं तो वार्ड में उनका स्वागत जूतों और चप्पलों से होगा। 

यही कारण है किअब मनोज और उनके समर्थक जूते पड़ने के डर से हेलमेट पहनकर चुनाव प्रचार के लिए निकल रहे हैं। हालाँकि मनोज ने सोशल मीडिया पर खुद के लिए प्रयोग की गई अभद्र भाषा की शिकायत निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर उमा शंकर भार्गव से की है। 

वहीं सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रत्याशी को धमकी देने वाले शख्स का दावा है कि मनोज खींची के वार्ड पार्षद रहते हुए वार्ड में विकास के ज्यादा काम नहीं हुए हैं और लोगों की परेशानियां बरकरार हैं। इसलिए उनको लेकर जनता के बीच नाराजगी है।