मध्यप्रदेश में निकाय चुनाव में महापौर के लिए कांग्रेस ने 6 उम्मीदवार तय कर दिए हैं..!
तराना विधायक संजय शुक्ला का इंदौर नगर निगम के लिए तथा महेश परमार का उज्जैन से नाम फाइनल है। ग्वालियर नगर निगम से महापौर पद के लिए विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार को प्रत्याशी बनाया जा रहा है। सागर नगर निगम से विधायक शैलेंद्र जैन के भाई सुनील निधि जैन को मैदान में उतारा जा रहा है। जबलपुर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह का नाम फाइनल किया गया है जबकि रीवा नगर निगम के लिए अजय मिश्रा का नाम तय है।
नगरीय निकाय चुनाव में प्रदेश के 16 नगर निगमों पर सबकी नजरें टिकी हैं। खासतौर से भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर पर ज्यादा निगाहें हैं। वर्तमान में ज्यादातर जगहों पर BJP का कब्जा है। रिजर्वेशन के साथ महापौर के दावेदारों के चेहरे भी बदल चुके हैं। इसके कारण कई निगमों में नए चेहरे उतारने पड़ेंगे।
भोपाल में लंबे समय से BJP का कब्जा है। पिछली बार यहां से आलोक शर्मा जीते थे। इस बार OBC वर्ग की महिला ही अगली महापौर होंगी। भाजपा में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की बहू, निगम की पूर्व महापौर रह चुकी कृष्णा गौर सबसे प्रमुख दावेदार हैं। वे गोविंदपुरा की विधायक भी हैं। उनके अलावा भाजपा से मालती राय और राजो मालवीय भी महापौर का चेहरा बन सकती हैं।
इधर कांग्रेस से महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल सबसे प्रमुख दावेदार हैं। वे निगम की महापौर रह भी चुकी हैं। संतोष कंसाना और मोना साहू भी दावेदार मानी जा रही हैं।
इंदौर नगर निगम में महापौर की सीट अनारक्षित है। BJP में डॉ. निशांत खरे और मौजूदा विधायक रमेश मेंदोला का नाम प्रमुख है। खरे की संघ और संगठन से खासी नजदीकियां हैं, जबकि मेंदोला की जमीनी पकड़ है। कांग्रेस ने यहां से संजय शुक्ला का नाम फाइनल कर दिया है।
जबलपुर मेयर की सीट भी अनारक्षित है। यहां पिछली बार मेयर स्वाति गोडबोले थीं। भाजपा से इस बार डॉ. जितेंद्र जामदार, आशीष दुबे, संदीप जैन और कमलेश अग्रवाल प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं। संघ और सीएम के करीबी डॉ. जामदार को अभी राज्यमंत्री का दर्जा मिला है। जैन बीजेपी के मीडिया प्रभारी रह चुके हैं। दुबे पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुके हैं। संघ में भी उनकी पैठ है। पूर्व पार्षद युवा चेहरा अग्रवाल सोशल वर्क में सबसे आगे रहते हैं और एमआईसी मेंबर भी रह चुके हैं। कांग्रेस ने यहां से गत बहादुर अन्नू का नाम फाइनल कर दिया है। अन्नू शहर कांग्रेस अध्यक्ष हैं और विवेक तन्खा के करीबी हैं।
ग्वालियर में इस बार मेयर का आरक्षण अनारक्षित महिला के लिए हुआ है। BJP से सिंधिया घराने से जुड़ी पूर्व मंत्री माया सिंह प्रमुख दावेदार हैं। राज्यसभा सांसद भी रह चुकी हैं। इधर कांग्रेस की ओर से शोभा सिकरवार का नाम फाइनल है।