कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर अशालीन टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। इस टिप्पणी को लेकर भाजपा के तीखे तेवर दिखाई दे रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है।
दरअसल मीडिया से चर्चा में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्प्णी की। पवन खेड़ा पहले तो प्रधानमंत्री के पिता का गलत नाम बोल गए और जब उन्होंने गलती सुधारी तो गलत नाम लेकर उन पर तंज कस दिया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने पवन खेड़ा की टिप्पणी पर नाराजगी ज़ाहिर की है। उन्होंने लिखा कि आजीवन ‘एक परिवार’ की चरणवंदना के बाद भी ‘तपस्या’ में कमी रह गई तो, ‘तपस्या’ को पूर्ण करने के लिए ‘परिवार’ के आदेश पर प्रधानमंत्री मोदी जी तथा उनके स्वर्गीय पिताजी के लिए इस अभद्र भाषा का प्रयोग करना कांग्रेस पार्टी के असली ‘चाल, चरित्र और चेहरा’ को दर्शाता है।
वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने भी पवन खेड़ा को निशाने पर लेता हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। अमित शाह ने सोमवार को नगालैंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी की रैली में कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2024 में कांग्रेस दूरबीन से भी नहीं दिखेगी। यही कारण है कि कांग्रेस पार्टी के नेता लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।