भोपाल। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ हनुमानजी के नाम पर वोट मांग रहे हैं. प्रदेश भाजपा ने यह आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को शिकायत की है. मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के साथ ही उनके सांसद पुत्र नकुल नाथ और छिंदवाड़ा में महापौर प्रत्याशी विक्रम अहाके की भी शिकायत की गई है। इन तीनों द्वारा हनुमानजी के नाम पर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करने का आरोप है. इसको लेकर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह से कार्रवाई करने को कहा है. राज्य निर्वाचन आयोग में भाजपा की शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस द्वारा लगातार आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं के चुनाव प्रचार करने पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की भी मांग की।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि छिंदवाड़ा में कमलनाथ, नकुल नाथ और पार्टी के महापौर प्रत्याशी विक्रम अहाके हनुमानजी के चित्र के सामने हाथ जोड़ कर खड़े हैं। तीनों की इसी फोटो में कांग्रेस का चुनाव चिह्न पंजा भी प्रदर्शित किया गया है. इतना ही नहीं, अहाके हनुमानजी के नाम पर कांग्रेस के पक्ष में वोट देने की अपील भी कर रहे हैं। भाजपा चुनाव प्रबंध समिति के सदस्यों व अन्य पदाधिकारियों ने कहा है कि यह चुनाव आचार संहिता का सरासर उल्लंघन है.
इधर कांग्रेस के नेताओं की कुछ अन्य शिकायतें भी की गई हैं. इंदौर के वार्ड क्रमांक 1 में कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति अग्निहोत्री द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए एक थैली भेंट करने की भाजपा ने शिकायत की है। आरोप है कि इस थैली में मतदाताओं को 2 हजार का नोट और चांदी की पायल रखकर दी जा रही है। शराब का भी यहां वितरण किया जा रहा है। इंदौर के ही वार्ड क्रमांक 58 के कांग्रेस प्रत्याशी अनवर कादरी द्वारा नामांकन पत्र में आपराधिक रिकार्ड की असत्य जानकारी देने की भाजपा द्वारा शिकायत की गई है। इस आधार पर उनका नामांकन निरस्त करने की मांग की गई है। इंदौर के वार्ड क्रमांक 50 के कांग्रेस प्रत्याशी आशीष चौधरी पर मतदाता सूची में दो जगह नाम जुड़वाने का आरोप भाजपा द्वारा लगाया गया है। इस आधार पर चौधरी का नामांकन निरस्त करने की भी कार्रवाई की मांग की जा रही है।