भोपाल। मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस भी तैयारियों में जुट गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इसके लिए 20 मई को पंचायत राज संस्था की बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ पूर्व जिला और जनपद पंचायत अध्यक्षों को भी बुलाया गया है। इनसे चुनाव की तैयारियों को लेकर फीडबैक लिया जाएगा और इसके बाद ही जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत टिकट चिह्नित करने के फार्मूले पर बात होगी, साथ ही स्थानीय स्तर पर सहमति बनाने और प्रदेश स्तर से प्रभारी बनाने पर भी विचार किया जाएगा।
इसमें जिला और जनपद पंचायत सदस्य के लिए पार्टी प्रत्याशी चुनने का आधार तय किया जाएगा। इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे को पदभार ग्रहण कराया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं को चौकसे ने संबोधित करते हुए नसीहत दी कि नारेबाजी से कुछ नहीं होता है। नारेबाजी से ज्यादा कालेज की इकाई पर ध्यान दो। यदि कालेज इकाई मजबूत हो गई तो 2023 में एमपी में कांग्रेस सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता है।
चौकसे ने कहा कि एनएसयूआइ कांग्रेस का बहुत बड़ा आधार है। इसे और मजबूत करने की जरूरत है। संगठन का विस्तार करके युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का काम किया जाए। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बेरोजगार बढ़ती जा रही है लेकिन सरकार के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है। चौकसे ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे प्रदेश में कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा।