ओडिशा के बालासोर में बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। बालासोर जिले के बहनागा स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस एक मालगाड़ी से जा भिड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक़ हादसे में 50 से ज्यादा लोगो की मौत की आशंका जताई जा रही है वहीं 300 यात्रियों के घायल होने की खबर है। कई घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोरोमंडल एक्सप्रेस पटरी से उतरी और उसके कई डिब्बे मालगाड़ी पर चढ़ गए। रेलवे ने जिला प्रशासन के साथ तलाशी और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। रेलवे ने इस रूट की सभी ट्रेनों को रोक दिया है। साथ ही इमरजेंसी कंट्रोल रूम का नंबर 6782262286 जारी कर दिया है।
बताया जा रहा है कि एक ही लाइन पर दोनों गाड़ियों के आ जाने की वजह से यह हादसा हुआ। रेलवे ट्रैक पर लगा सिग्नल खराब होने के चलते दोनों ट्रेन एक ही पटरी पर आकर टकरा गईं। ये ट्रेन दोपहर 3.15 बजे शालीमार स्टेशन से निकली थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दुःख जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और ओड़िसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी हादसे पर दुख जताया है।
ममता बनर्जी ने कहा कि हम ओडिशा सरकार के साथ और दक्षिण पूर्व रेलवे के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। ओडिशा सरकार की मदद के लिए 5-6 सदस्यों की एक टीम मौके पर भेज रहे हैं। मैं मुख्य सचिव और अन्य सीनियर अधिकारियों से इस मुद्दे पर जानकारी ले रही हूं।