भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मिशन 2024 की तैयारियों में जुट गए हैं. जेपी नड्डा कल शाम वाराणसी पहुंचे और आज सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने से पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के मंदिर में दर्शन किए. काल भैरव मंदिर में जेपी नड्डा के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे.
जेपी नड्डा ने बाबा काल भैरव की आरती के साथ विधिवत पूजन भी किया. जेपी नड्डा काल भैरव मंदिर में दर्शन करने के बाद सीएम योगी के साथ मंदिर से निकले और चंद कदम की दूरी पर एक चाय वाले के यहां चाय की चुस्की लेते नजर आए. तस्वीर में दोनों ही नेता एक आम व्यक्ति की तरह खड़े होकर चाय पीते नजर आये.

इस दौरान योगी सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे. चाय पीने के दौरान जेपी नड्डा ने चाय बनाने वाले बटुक यादव से भी बात की और चाय के बारे में जानकारी ली. साथ ही जेपी नड्डा से बातचीत करने की कोशिश भी की गई, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि आगे बात करूंगा. जिसके बाद वह अपनी गाड़ी में बैठकर काफिले के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए निकल गए.
यह पहली बार नहीं है जब जेपी नड्डा ने काल भैरव मंदिर के बाहर चाय पी हों. इससे पहले भी जब वे कार्यवाहक अध्यक्ष थे तो काल भैरव मंदिर में दर्शन के बाद उसी चायवाले के यहां खड़े होकर चाय पीते थे.
चाय बेचने वाले ही नहीं बल्कि क्षेत्र के लोगों ने इस बारे में बताया कि जेपी नड्डा जब भी काल भैरव मंदिर आते हैं तो चाय वाले की दुकान पर चाय पीकर ही जाते हैं.