भोपाल: राज्य के स्वास्थ्य संचालनालय ने आदेश जारी कर सालों से अपने कार्यस्थल से बिना अनुमति के गायब 162 सरकारी डाक्टरों के खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी। यह विभागीय जांच इन सरकारी डाक्टरों को दीर्घ शास्ति देने के लिये बैठाई गई तथा जांच में आरोप सिध्द होने पर इन्हें सेवा से हटाने अथवा पदच्युत करने की कार्यवाही की जायेगी।
इन सभी अनुपस्थित डाक्टरों को सात दिन के अंदर कार्यस्थल पर उपस्थित होने और अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिये कहा गया है तथा ऐसा न करने पर एक पक्षीय कार्यवाही कर पदच्युत करने की चेतावनी भी दी गई है।
इन सरकारी डाक्टरों को स्वास्थ्य संचालनालय के ई-मेल पर भी जवाब भेजने की सुविधा दी गई है। इन डाक्टरों में जबलपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश चन्द्र ब्यौहार भी शामिल हैं जो पिछले 38 साल से यानि फरवरी 1984 से लापता हैं।