महाराष्ट्र में चल रहे सियासी संकट के बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नलखेड़ा स्थित मां बगुलामुखी मंदिर पहुंचने की खबर है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार देर रात मां बगुलामुखी की पूजा अर्चना की। देवेंद्र फडणवीस के मंदिर पहुँचने की खबर को गोपनीय रखा गया था।
बताया जा रहा है कि देवेंद्र फडणवीस 24 जून रात करीब 10 बजे इंदौर पहुंचे थे, यहां से वे नलखेड़ा में मां बगुलामुखी के दर्शन करने पहुंचे। रात में दर्शन करने के बाद शनिवार को सुबह करीब पांच बजे वे वापस मुंबई के लिए भी रवाना हो गए।
देवेंद्र फडणवीस के अचानक बगुलामुखी मंदिर पहुँचने से ये अटकलें लगाई जा रहीं है कि उनका एक बार फिर महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है।ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि फडणवीस जब पहली बार मुख्यमंत्री बने थे तब शपथ ग्रहण से पहले वो नलखेड़ा पहुंचे थे और मां बगुलामुखी का आशीर्वाद लिया था। कहा जाता है कि मुंबई में उनके शपथ ग्रहण के दौरान नलखेड़ा से 11 पुजारी भी पहुंचे थे।
.png)
जब बीजेपी ने रांकपा के अजित पवार के समर्थन से सरकार बनाई थी उसके बाद भी सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें आईं थीं कि शपथ लेने के पहले देवेंद्र फडणवीस ने बगलामुखी तंत्रपीठ के पंडितों के साथ पूजा की है। यह दावा भी किया गया था कि यह पूजा उनके मुंबई स्थित घर में हुई। पड़ताल में यह वायरल वीडियो-फोटो पुराने निकले थे।