प्रदेश अध्यक्ष ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का किया स्वागत, जताया आभार..!
भारतीय जनता पार्टी के जो प्रयास थे और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का जो संकल्प था कि स्थानीय निकाय के चुनाव ओबीसी आरक्षण के साथ हों। आज हमें गर्व है कि भाजपा का वह संकल्प पूरा हुआ है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि सरकार ने ट्रिपल टेस्ट के लिए जो ओबीसी कमीशन बनाया था, माननीय सुप्रीम कोर्ट के सभी मानदंडों का पालन करते हुए ओबीसी कमीशन ने जो तैयारी पंच-सरपंच से लेकर महापौर तक ट्रिपल टेस्ट की तैयारी कर जो रिपोर्ट प्रस्तुत की है। उस रिपोर्ट के आधार पर आज सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि मध्यप्रदेश में स्थानीय निकाय के चुनाव ओबीसी कमीशन की रिपोर्ट के आधार पर इलेक्शन कमीशन उस आरक्षण के आधार पर आगामी चुनाव करे। श्री शर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस ऐतिहासिक फैसले से ओबीसी वर्ग को स्थानीय निकाय चुनाव में अवसर मिलेंगे।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनाव को बाधित करने का प्रयास किया, जिससे ओबीसी वर्ग को अवसर न मिल सके। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार और हमारे नेतृत्व ने अथक प्रयास कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया, जिसके कारण अब चुनाव ओबीसी आरक्षण के साथ होंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने पिछड़ा वर्ग के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की विराट विजय होगी।