भूकंप के कारण देश-दुनिया में दहशत के बीच सोमवार सुबह चंद मिनटों के अंतराल में तीन अलग-अलग स्थानों पर धरती कांपी। सिक्किम में रिक्टर पैमाने पर 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप सिक्किम में युकसोम के उत्तर-पश्चिम में सुबह करीब 4.15 बजे आया। अच्छी बात यह रही कि किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
इसी समय अफगानिस्तान में भी 4.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया है। वहीं भूकंप तुर्किये में भी एक बार फिर सोमवार सुबह 4.5 तीव्रता के झटके महसूस किए गए।
बीते महीनों में भारत में लगातार भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। इससे पहले रविवार दोपहर असम के नागांव में 4.0 तीव्रता का भूकंप आया था। वहीं शनिवार को गुजरात के सूरत जिले में 3.8 तीव्रता का भूकंप का झटका दर्ज किया गया था। पिछले महीने भी उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में धरती डोली थी। तब भूकंप का केंद्र नेपाल था, जहां पांच लोगों की मौत हुई थी।
इस बीच, तुर्किये और सीरिया में आए विनाशकारी भूकंप से मरने वालों की संख्या 34 हजार का आंकड़ा पार कर गई है, 80 हजार से ज्यादा घायल हैं। ज्यादातर मृतक और घायल तुर्किये के हैं। सीरिया में भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित विद्रोहियों के कब्जे वाला उत्तर-पश्चिम इलाका है। यहां पर बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं और घायल हुए हैं। लाखों लोग बेघर हुए हैं। लेकिन वहां पर राहत और बचाव कार्य नहीं हो पा रहे हैं।