भाजपा के प्रभारी डालेंगे शहरों में तीन दिनी पड़ाव

कांग्रेस ने भी समितियां बनाई सर्वे भी होगा

भोपाल,

भारतीय जनता पार्टी की गतिविधयां अचानक बढ़ गई हैं। निकाय चुनाव के लिए प्रभारी तैनात कर दिए गए हैं। पार्टी ने सभी प्रभारी को अपने-अपने प्रभार के जिलों में जाने और कम से कम तीन दिन वहीं रहकर कार्यकर्ताओं से लेकर मतदाताओं की नब्ज टटोलने को भी कह दिया है। 

बताया जाता है कि प्रभारियों को अध्यक्ष या महापौर के टिकट के दावेदारों का भी पता लगाने के लिए कहा गया है। 18 से 21 मई तक वे प्रभार के जिलों में रहेंगे और लौटकर पार्टी को रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके आधार पर आगे की रणनीति बनेगी। सूत्रों की मानें तो पहले चरण में संगठन ने प्रभारियों से निकायवार मतदाताओं का आंकड़ा भी बुलवाया है। कांग्रेस की स्थिति का आकलन कर उनके संभावित दावेदारों के बारे में भी प्रभारी जानकारी जुटाएंगे। नगरीय निकाय चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता का कहना है कि प्रभारियों द्वारा मैदानी स्थितियों का आकलन किया जा रहा है। वे लौटेंगे तो संगठन के साथ फिर चर्चा होगी।

पार्षद पद के लिए प्रत्याशी तय करने की तैयारी की है। इसके पहले भी सभी चुनाव में सर्वे को आधार बनाया जाता रहा है हालांकि पार्टी में अंदरखाने अक्सर चर्चा रहती है कि यह सर्वे कब और कौन करता है? सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस प्रत्याशी का चयन जिला स्तर पर होगा। इसके लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष की अध्यक्षता में मंगलवार को चयन समिति का गठन हुआ है। इसमें सेवादल, महिला कांग्रेस युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सांसद लोकसभा चुनाव 2019 के प्रत्याशी जिले के विधायक और 2018 के चुनाव के प्रत्याशी को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश संगठन भी प्रभारी और सह प्रभारी मनोनीत कर रहा है। प्रत्याशी का चयन सहमति के आधार पर कर सूची प्रदेश कांग्रेस को भेजी जाएगी।