महाराष्ट्र में मंगलवार को एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के चीफ़ शरद पवार ने पद छोड़ने की घोषणा कर दी। उन्होंने NCP प्रमुख के पद से इस्तीफ़ा दे दिया। इस्तीफ़ा देने के बाद उन्होंने कहा कि एक समय आता है जब ठहराव ज़रूरी हो जाता है और वह समय अब आ गया है।
हालांकि, शरद पवार के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की वजह पता नहीं चल पाई है लेकिन शरद पवार के इस्तीफे को NCP के अंदर चल रही राजनीति से जोड़ा जा रहा है।
शरद पवार के इस ऐलान के बाद उनके उत्तराधिकारी को लेकर सवाल खड़ा हो गया है। शरद पवार के भतीजे अजित पवार को एनसीपी अध्यक्ष पद के दावेदार के तौर पर भी देखा जा रहा है वहीं, शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले को भी पवार की उत्तराधिकारी माना जा रहा है।
ऐसे में आने वाले समय में पार्टी अध्यक्ष की लड़ाई दिलचस्प हो सकती है क्योकि शरद पवार के भतीजे अजित पवार भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में बताए जा रहे हैं वहीं उनकी बेटी सुप्रिया सुले पहले ही महाराष्ट्र और दिल्ली में बड़े बदलाव की बात कर चुकी हैं। ऐसे में यह माना जा रहा है कि NCP के अंदर सब कुछ सामान्य नहीं है।