पूर्वोत्तर के 3 राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनावों की वोटिंग खत्म हो गई है। चुनावों के नतीजे 2 मार्च को आना है लेकिन इससे पहले एग्जिट पोल ने जीत-हार के संकेत दे दिए हैं। इन राज्यों में बीजेपी की बढ़त दिखाई गई है।
इंडिया टुटे एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक त्रिपुरा में बीजेपी को 36-45, कांग्रेस और लेफ्ट के गठबंधन को 6-11 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं नगालैंड में बीजेपी- एडीपीपी गठबंधन को 38-48, कांग्रेस को 1-2 और एनपीएफ को 3-8 सीट मिलती दिख रही है। उधर मेघालय में बीजेपी को 04-08, कांग्रेस को 6-12 और एनपीपी को 18-24 और अन्य को 04-08 सीट मिल रही हैं।
एग्जिट पोल की मानी जाये तो बीजेपी त्रिपुरा में आसानी से बहुमत हासिल कर लेगी और नगालैंड में उसकी गठबंधन सरकार सत्ता पर काबिज होगी। कोनराड संगमा की एनपीपी (नेशनल पीपुल्स पार्टी) के सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने की संभावना के साथ मेघालय में कड़ी टक्कर रहेगी।
तीनों राज्यों में विधानसभा की 60-60 सीट हैं। जीत के लिए बहुमत 31 का होगा। नगालैंड में केवल 59 सीट पर ही चुनाव हुआ क्योंकि एक सीट पहले निर्विरोध बीजेपी के खाते में जा चुकी है। मेघालय में 74.32 प्रतिशत और नगालैंड में 83.36 प्रतिशत लोगों ने किया मतदान की खबर है।