संगठन की मजबूती ही सत्ता हासिल करने की चाबी कहलाती हैं. कई राजनीतिक दल सत्ता में तो है लेकिन संगठन काफी कमजोर..! संगठन की कमजोरी उन्हें कई बार सत्ता की दहलीज लांघने नहीं देती है. तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी मजबूत संगठन का दावा हमेशा करती हैं.

कई नेताओं का दावा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी का मजबूत संगठन ही लगातार पार्टी को सत्ता की दहलीज चढ़ाने का काम करता हैं. अब बीजेपी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया है. 

हाल ही में जेपी नड्डा के गृहराज्य हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे बीजेपी को झटका देने वाले साबित हुए थे. यहाँ भाजपा की करारी हार हुई थी. बड़ी बात यह है कि हार का कारण राज्य में व्याप्त गुटबाजी को माना गया था. गुटबाज़ी का एक केंद्र जेपी नड्डा भी माने गए थे. इसके बाद ऐसी अटकलें थीं कि नड्डा को अध्यक्ष पद से हटाया भी जा सकता है लेकिन यह अटकलें गलत साबित हुई.

इससे साफ़ अंदाजा लगाया जा सकता हैं कि बीजेपी कई राज्यों में होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव से पहले संगठन में किसी भी तरह का कोई बड़ा बदलाव करना नहीं चाहती है. अक्सर संगठन में बदलाव से गुटबाजी शुरू हो जाती हैं, ऐसे में मिशन-2024 से पहले पार्टी कोई भी बड़ा रिक्स लेना नहीं चाहती है. 

पीएम मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार बीजेपी केंद्र में सत्ता वापसी के मूड में दिखाई दे रहीं है. चुनावी फ़तह का मंत्र देने के लिए बीजेपी ने दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया था. जिसका समापन नड्डा का कार्यकाल बढ़ाने के साथ हुआ. 

राष्ट्रीय कार्यकारणी ने पास किया प्रस्ताव-

यह ऐलान करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बोले, भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति ने फैसला लिया है कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ाया गया है. देश के सभी राजनीतिक दलों के बीच, केवल बीजेपी ही है जो वास्तव में लोकतंत्र को आगे बढ़ाने के लिए काम करती है. 

देंखे लाइव-

 

अमित शाह ने आगे कहा कि देश के सभी राजनीतिक दलों में सबसे ज्यादा लोकतांत्रिक तरीके से चलने वाला दल बीजेपी है. जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक बीजेपी में बूथ से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव हमेशा समय पर पार्टी संविधान के अनुकूल होते रहे हैं. 

जेपी नड्डा के बीते कार्यकाल का जिक्र करते हुए अमित शाह बोले, पार्टी अध्यक्ष के रूप में नड्डा जी का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया है. उनके पूरे नेतृत्व काल में पार्टी के संगठन ने बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक 'सेवा ही संगठन' के सिद्धांत पर काम किया है. महामारी के दौरान नड्डा जी के नेतृत्व में पार्टी ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं. फिर चाहे गरीबों को भोजन और राशन देने की बात हो या लोगों को जांच-इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की बात हो. मैं पार्टी की ओर से नड्डा जी को उनके प्रतिबद्ध नेतृत्व और योगदान के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. साथ ही उनके भावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं.