मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का अंतिम संस्कार आज दोपहर करीब 12 बजे होगा। उनकी शव यात्रा 11 बजे शुरू होगी। उनका शव अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव मूसा में रखा गया है जहां प्रशंसकों की भीड़ पहुंची है। मंगलवार सुबह ही उनका शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपा गया था।
मूसेवाला का जिन डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया उन्होंने बताया कि शव में गोलियों के 24 निशान मिले हैं। उनके सिर, पैर, छाती और पेट को गोलियों से बुरी तरह से छलनी किया गया था। मूसेवाला के फेफड़े और लिवर में भी गोली लगी जिसकी वजह से मौके पर ही मौत हो गई। रविवार शाम जवाहरके में मूसेवाला का गोलियों से भूनकर कत्ल कर दिया गया था।
सिद्धू मूसेवाला के कत्ल के बाद उनके फैन बड़ी संख्या में मूसा गांव पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने बेहद कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। बठिंडा रेंज के IG पीके यादव और SSP जे. एलेनचेजियन को मानसा के SSP गौरव तूरा के साथ ही कैंप करवा दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मूसेवाला का शव रात भर अस्पताल की मॉर्चुरी में ही रखा गया था। मंगलवार सुबह शव परिजनों को सौंपा गया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों से मूसेवाला अंतिम सांस तक लड़े. पुलिस को उनके थार वाहन से पिस्तौल मिला था. सिद्धू ने अपने बचाव में गोलियां भी चलाई थी.