जिसने बेटी को खरीदा था वो करवाता था काम...

मुरैना. मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक पिता द्वारा अपनी ही बेटी का सौदा किए जाने का मामला सामने आया है। कलयुगी पिता ने महज 9 साल की बेटी को एक शख्स को बेच दिया। सवा लाख रुपए में बेटी को खरीदकर ले गया शख्स उससे दिनभर काम करवाता था और मारपीट भी करता था। एक दिन बच्ची उसके चंगुल से भागकर थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई तो पूरा सच सामने आया। वहीं पुलिस ने जब आरोपी पिता को पकड़ा तो वो गलती हो गई साहब, माफ कर दीजिए कहता रहा।

सतनवाड़ा का रहने वाला एक व्यक्ति शिवपुरी के कोलारस शहर में ईंट-भट्टे पर काम करता है। उसकी तीन बेटियां और दो बेटे हैं जिनमें से बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है. जिस बेटी का उसने सौदा किया था वो दूसरे नंबर की है। उसने अपनी बेटी को प्रतापपुरा गांव के रहने वाले दलवीर गुर्जर नाम के शख्स को केवल सवा लाख रुपए में बेच दिया था। अभी पिता को केवल 5 हजार रुपए मिले थे और 20 हजार रुपए बाद में मिलने थे। शेष एक लाख रुपए बेटी के जवान होने पर दलवीर पिता को देता। पुलिस ने बताया कि जब शख्स 20 हजार रुपए की दूसरी किस्त लेने के लिए दलवीर के पास आया तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

दरअसल बच्ची कुछ दिनों पहले प्रताड़ना से तंग आकर दलवीर के घर से भाग गई थी। गांव के लोगों ने उसे पुलिस के पास जाने के लिए कहा। बच्ची पुलिस के पास पहुंची और अपनी पूरी आपबीती बताई। बच्ची ने बताया कि उसके पिता ने दूसरी पत्नी रख ली है. 6 जून को वे मां से बोले कि इसे बड़ी बहन के घर छोड़कर आ रहा हूं और यहां लाकर इस आदमी को बेच दिया। वो घर पर दिनभऱ काम करता था और काम न होने पर मारपीट भी करता था। पुलिस ने बच्ची के पिता व दलवीर के खिलाफ मानव तस्करी का मामला दर्ज किया है।