वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन संसद में आज आम बजट 2023-24 पेश करेंगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन के वित्त मंत्रालय के बाहर की तस्वीर आ गई है और बजट के साथ उनकी पहली तस्वीर में वो लाल रंग की साड़ी में नजर आ रही हैं। 

आम चुनाव से पहले यह सरकार का आखिरी पूर्ण बजट है। बजट में सरकार की क्या प्राथमिकताएं होंगी, नौकरीपेशा और मध्यम वर्ग के लिए आयकर के मोर्चे पर क्या होगा, मकान कर्ज को लेकर क्या राहत बढ़ेगी इस पर सभी की निगाहें हैं। वित्त वर्ष 2023-24 का बजट भी निर्मला सीतारमण द्वारा पेपरलेस रूप में पेश किया जाएगा। 

निर्मला सीतारमण वित्त मंत्री के तौर पर लगातार 5वीं बार केंद्रीय बजट पेश करेंगी। ये बजट बताएगा कि वित्त वर्ष 2023-24 के लिए केंद्र सरकार कहां से कमाई करेगी और कहां खर्च करेगी। इसके अलावा सरकार की ओर से अलग-अलग सेक्टर्स के लिए क्या-क्या ऐलान किए जाएंगे, इस पर भी लोगों की नजर रहेगी। 

कल संसद के दोनों सदनों में इकोनॉमिक सर्वे प्रस्तुत हुआ था। ये बजट कल के आर्थिक सर्वेक्षण  के बाद और अहम हो जाता है क्योंकि इसमें वित्त वर्ष 2023-24 के लिए जीडीपी  के 6 फीसदी से 6.8 फीसदी के बीच रहने का का अनुमान है। 

माना जा रहा है कि अगले साल होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर मोदी सरकार का ये बजट लोकलुभावन हो सकता है। एक्सपर्ट्स भी कह रहे हैं कि सरकार टैक्स छूट से लेकर कृषि, रक्षा, एजूकेशन, हेल्थकेयर, इंडस्ट्री, रेलवे और लगभग सभी अहम क्षेत्रों के लिए राहत भरे एलान कर सकती है।