पंजाब के बठिंडा स्थित आर्मी एरिया में बुधवार सुबह हुई फायरिंग में चार जवानों की मौत हो गई। फायरिंग के कारणों का पता नहीं चला है। घटना के बाद कैंटोनमेंट एरिया को सील कर दिया गया है।आर्मी ने अभी तक इसे आतंकी हमला नहीं बताया है। हालाँकि इस आशंका से इनकार भी नहीं किया है।
घटना के बाद आर्मी एरिया में किसी को अंदर जाने की इजाज़त नहीं दी जा रही। सेना के दक्षिणी पश्चिमी कमांड ने एक बयान जारी कर बताया है कि बठिंडा मिलिट्री स्टेशन के अंदर आज तड़के करीब 4.35 बजे फायरिंग की घटना में चार लोगों के हताहत होने की खबर है।
इसके बाद इलाके को घेर कर सील कर दिया गया है। सर्च ऑपरेशन जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सेना ने पंजाब पुलिस के एक बड़े अधिकारी को बताया है कि यह आतंकी घटना नहीं है। कुछ दिन पहले एक इंसास राइफल गायब हो गई थी। लगता है उसी से ये फायरिंग की गई हैं। एक संदिग्ध नागरिक को हिरासत में लिया गया है।