सुबह से ही गड़बड़ा गया फ्लाइट्स का शेड्यूल

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट में बुधवार को उड़ानों का शेड्यूल गड़बड़ा गया। यहां सुबह से आने जाने वाली तीन उड़ानों में देरी हई जिससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ये अपने तय समय से 45 मिनट से लेकर 3 घंटे तक देरी से संचालित हुई। प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार तीनों ही उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस की हैं। ज्ञातव्य है कि इंदौर एयरपोर्ट का प्रदेश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। यहां से हर दिन 70 उड़ानें संचालित होती हैं।

सुबह से ही उड़ानों के लेट होने का सिलसिला शुरू हो जाने से अब अन्य उड़ानों पर भी इसका असर पड़ रहा है। 

इंदौर एयरपोर्ट से सबसे पहले रायपुर के लिए फ्लाइट रवाना होती है। यह फ्लाइट संख्या सिक्स ई 7112 रोज 6.05 पर रवाना होती है पर आज यह उड़ान 6.43 पर रवाना हुई। इसके अलावा इंदौर से जयपुर जाने वाली फ्लाइट सिक्स ई 7114 सुबह 6.45 बजे रवाना होकर 8.10 बजे जयपुर पहुंचती है। आज यह फ्लाइट पूरे 3 घंटे देरी से सुबह 9.45 बजे रवाना हुई। जानकारी के अनुसार कंपनी का कहीं विमान खराब हो जाने के कारण यह परेशानी आ रही है। प्रयागराज से इंदौर आने वाली उड़ान सिक्स ई 7313 भी आज 35 मिनट देरी से आएगी। यह उड़ान रोजाना 12.20 पर इंदौर आती है, लेकिन आज यह उड़ान 12.55 पर इंदौर आएगी।

गौरतलब है कि इंदौर एयरपोर्ट मध्य प्रदेश का व्यस्ततम एयरपोर्ट है। यहां से रोज 70 उड़ानें संचालित होती हैं। इन उड़ानों में रोज करीब 7500 यात्री सफर करते हैं।