भोपाल: राज्य के विमानन विभाग को सातवीं बार अपने ग्राउण्ड पड़े स्टेट हेलीकप्टर बेल-430 और उसके इंजन व पाट्स को बेचने के टेण्डर जारी करने पड़े हैं। इसे बेचने के लिये वर्ष 2016 से कवायद की जा रही है तथा जहां पहले इसे बेचने के लिये आफसेट प्राईज दस करोड़ रुपये रखी गई थी, वहीं अब इसका आफसेट मूल्य दो करोड़ 24 लाख रुपये रखा गया है।
यह वहीं हेलीकाप्टर है जो फिल्म गायिका अनुराधा पोड़वाल को ले जाते वक्त वर्ष 2003 में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसका बीमा भी राज्य सरकार ने क्लेम करना चाहा था परन्तु वह मिल नहीं सका। बाद में इसे सुधरवाया गया परन्तु वर्ष 2013 में यह ग्राउण्ड करना पड़ा क्योंकि इसे बनानी वाली विदेशी कंपनी राल्स रायस ने इसका और इसके पुर्जों का निर्माण बंद कर दिया था। अभी यह भोपाल स्थित स्टेट हैंगर में बेकार पड़ा हुआ है। इसे बेचने के टेण्डर की तकनीकी बिड 31 मई को खोली जायेगी। यह हेलीकाप्टर वर्ष 1998 में खरीदा गया था।
उल्लेखनीय है कि राज्य के भण्डार क्रय नियमों में प्रावधान है कि यदि तीन बार नीलामी किये जाने के बावजूद वस्तु नहीं बिकती है तो फिर उसे सीधे बोली लगावा कर बेचा जाता है जिसमें कैसा भी मूल्य आने पर उसे मंजूर किया जाता है। चूंकि सातवीं बार टेण्डर जारी हुये हैं, इसलिये इस बार भी कोई बिडर नहीं आया तो फिर भण्डार क्रय नियमों के अनुसार इसका निपटारा किया जायेगा।