भोपाल: पिछले दिनों वन मंत्री विजय शाह के मित्र पुनीत बलान बांधवगढ़ नेशनल पार्क सैलानी बनकर पहुंचे थे. सफारी के दौरान एक रोमांचक दृश्य देख कर इतने अभिभूत हो गए कि लाखों रुपए की सौगात प्रबंधन और कर्मचारियों को देकर आ गए. बलान ने बांधवगढ़ के ग्यारह सौ कर्मचारियों का टर्म इंश्योरेंस कराने की घोषणा कर दी. बलान पहले ऐसे वन्य प्रेमी है, जिन्होंने वन्य कर्मचारियों के हित में इतनी बड़ी घोषणा की है.

वन मंत्री विजय शाह के बिल्डर मित्र पुनीत बलान पुणे के रहने वाले हैं. पुनीत बलान 2 जून को बांधवगढ़ नेशनल पार्क पहुंचे थे. 2 दिन टाइगर रिजर्व घूमने के बाद पार्क के डिप्टी रेंजर से चौकीदार और निजी जिप्सी के ड्राइवर से लेकर गाइड तक करीब ग्यारह सौ कर्मचारियों को टर्म इंश्योरेंस कराने के लिए वन मंत्री विजय शाह, वनबल प्रमुख आरके गुप्ता और पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ जेएस चौहान को पत्र लिखा है.

ग्यारह सौ कर्मचारियों का टर्म इंश्योरेंस बीमा 10 साल का है. इसमें बलान हर साल ₹3500000 रुपए जमा करेंगे. इस इंश्योरेंस में कैशलैस हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम भी शामिल है. 10 साल बाद इंश्योरेंस का टर्म पूरा होने पर इन 1100 कर्मचारियों को बीमा कंपनी पेंशन भी प्रदान करेगी.

इसके अलावा थार जीप और अपनी मां इंद्राणी बालन के नाम पर अत्याधुनिक इंटरप्रिटेशन सेंटर बनवाने का भी ऐलान किया है. एक अनुमान के अनुसार, बांधवगढ़ में बनने वाला इंटरप्रिटेशन सेंटर का अनुमानित खर्च दो करोड़ के लगभग होगा. पार्क के डायरेक्टर और डिप्टी डायरेक्टर के लिए महिंद्रा जीप कंपनी की फुली लोडेड दो थार जीप डोनेट करने की बात भी कही है.
बांधवगढ़ में एक दृश्य से हुए थे अभिभूत-
पुणे के पुनीत बलान सुबह सफारी करने निकले थे कि एक टाइगर सांभर का शिकार करते हुए दिखा, तभी उनकी कई तस्वीरें अपने कैमरे में कैद की. यह दृश्य देखकर वे रोमांचित और अभिभूत हो गए. टाइगर रिजर्व में सैलानियों को ऐसे दृश्य देखना दुर्लभ ही होता है.

बांधवगढ़ नेशनल पार्क में दो-तीन दिन रुकने के बाद बलान पुणे पहुंचे और अपने कॉर्पोरेट ऑफिस से वन मंत्री विजय शाह, वन बल प्रमुख आरके गुप्ता और पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ जेएस चौहान को पत्र लिखकर अपनी घोषणाओं से अवगत कराया है.
इनका कहना है-
पुणे के वन्यप्रेमी और कारोबारी पुनीत बलान का पत्र मिला है. पत्र पढ़कर अत्यंत प्रसन्नता हुई कि उन्होंने न केवल वन्य कर्मचारी, बल्कि ड्राइवर और गाइड का भी टर्म इंश्योरेंस कराने की बात कही है. इसमें कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस भी शामिल है.