भोपाल: शहर के पर्यावरण प्रेमियों के लिए वन विभाग के अनुसंधान एवं विस्तार शाखा ने नई पहल की है. भोपाल शहर वासियों के लिए शाखा ने एक व्हाट्सएप नंबर 8120610496 जारी किया है.
इस व्हाट्सएप नंबर पर पौधों की खरीदी का ऑर्डर दे सकते है. जंगल महकमा 10 पौधों की खरीदी के ऑर्डर देने पर 24 घंटे के भीतर मुफ्त में डिलीवरी करेगा.
भोपाल अनुसंधान विस्तार शाखा के सीसीएफ हरीश गुप्ता ने बताया कि यह सुविधा केवल भोपाल वासियों के लिए उपलब्ध है. गुप्ता ने बताया कि राजधानी की भदभदा रोपणी और अहमदपुर नर्सरी में भोपाल वासियों के लिए 11 लाख पौधे तैयार किए हैं.
उन्होंने बताया कि भोपाल की दोनों नर्सरियों में 2 दर्जन से अधिक प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए हैं. इनमें अशोक, कालाशीशम, करंज, महुआ, अनार, पुत्रमजिवा, कटंगा बांस, जामुन, आंवला, नीम, आम, सीताफल, अमलतास, अमरूद, बादाम, सागौन, अंजन, अचार, पीपल. बीजा, बेलपत्र, गूलर आदि के प्रमुख है.