मध्यप्रदेश के मंदसौर में कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री का जिन्ना प्रेम छलक उठा। शुक्रवार को यहां हुए महंगाई पर प्रदर्शन करने पहुंचे पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि हमें आजादी जिन्ना साहब ने दिलाई थी और ये पट्‌ठा 75वीं वर्षगांठ मना रहा है. उन्होंने अपने भाषण में जिन्ना को न सिर्फ स्वतंत्रता सेनानी बताया, बल्कि उन्हें जिन्ना साहब बोलकर संबोधित किया। वे पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भी हैं. पूर्व मंत्री के इस बोल पर भाजपा ने पलटवार किया. बीजेपी ने जिन्ना को देश के टुकड़े करने वाला बताया है और कहा कि कांग्रेसियों की सोच ही ऐसी है। 

मंदसौर में शुक्रवार को महंगाई के विरोध में कांग्रेस की ओर से धरना और रैली आयोजित की गई थी. इसमें शामिल होने आए पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने यहां विवादित बयान दिया। गांधी चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्मा ने देश को विभाजित करने वाले मानेजानेवाले जिन्ना को 'जिन्ना साहब" कहकर संबोधित किया। पूर्व मंत्री ने कहा- आजादी हमारे पुरखों ने दिलाई थी... महात्मा गांधी, नेहरूजी, सरदार वल्लभ भाई पटेल... जिन्ना साहब... और यह पट्‌ठा 75वीं वर्षगांठ मना रहा है।

इसके अलावा उन्होंने अपने संबोधन में उन्होंने बिना नाम लिए प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित शब्दों का उपयोग भी किया। बाद में उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की. इसमें उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी शामिल थे। ये इतिहास में दर्ज है।

पूर्व मंत्री वर्मा के इस जिन्ना प्रेम पर BJP ने पलटवार किया। मंदसौर के भाजपा जिला अध्यक्ष नानालाल अटोलिया ने कहा कि यही कांग्रेस की विचारधारा है जो जिन्ना के विचारों को और आगे ले जा रही है। आजादी के समय देश एकजुटता से संघर्ष कर रहा था। राजनीतिक दल या संगठन तो बाद में बने। जनसंघ की विचारधारा के लोग भी आजादी के संघर्ष में शामिल थे। जिन्ना और उसकी विचारधारा के कारण ही देश का बंटवारा हुआ है। कांग्रेस आज भी उसी विचारधारा पर चल रही है।