पंजाब के पूर्व सीएम और दिग्गज अकाली नेता प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार को निधन हो गया। वह 95 साल के थे। मोहाली के निजी अस्पताल में उन्होंने आख़िरी सांस ली। वे पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल उनके बेटे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत  देश के शीर्ष नेताओं ने प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने लिखा कि प्रकाश सिंह बादल जी के निधन से अत्यंत दु:ख हुआ। वह भारतीय राजनीति की एक महान हस्ती थे, और एक उल्लेखनीय राजनेता थे जिन्होंने हमारे देश के लिए बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक परिश्रम किया और कठिन समय में राज्य को सहारा दिया

प्रकाश सिंह बादल ने 1947 में राजनीति में पदार्पण किया था। 1957 में पहला विधानसभा चुनाव जीता था। 1969 में प्रकाश सिंह बादल दोबारा विधायक बने थे। वहीं प्रकाश सिंह बादल 1970–71, 1977–80, 1997–2002 तक पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। वहीं 1972, 1980 और 2002 में नेता विपक्ष भी रहे थे। प्रकाश सिंह बादल सांसद भी रह चुके हैं। केंद्र में मंत्री भी रह चुके थे। एक मार्च 2007 से 2017 उन्होंने दो बार मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला था।