मध्यप्रदेश में आरटीई में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है. इसके लिए प्रदेश के रायसेन जिले में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून है। शिक्षा का अधिकार कानून में सत्र 2022—23 में प्राइवेट स्कूलों की पहली क्लास में नि:शुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 जून से प्रारंभ हो गए हैं। चयनित बच्चों के नाम पांच जुलाई को लॉटरी से निकलेंगे. इस बार 490 प्राइवेट स्कूलों में आरटीई के अंतर्गत प्रवेश दिलाने का लक्ष्य रखा गया है.

निजी विद्यालय में पात्रतानुसार नि:शुल्क प्रवेश के लिए आवेदकों का चयन ऑनलाइन लॉटरी से पांच जुलाई को किया जाएगा। जिले में कुल 490 प्राइवेट स्कूल संचालित हैं, इनमें वर्ष 2022-23 में कुल 23359 बच्चों के प्रवेश होने का अनुमान है। आरटीई के तहत हरेक स्कूल में 25 प्रतिशत गरीब बच्चों के प्रवेश देना अनिर्वाय है। इस लिहाज से कम से कम 7063 बच्चों का न्यूनतम प्रवेश दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। गौरतलब है कि कोरोना काल के चलते पिछले दो वर्षो में प्राइवेट स्कूलों में आरटीई के अंतर्गत बच्चों के प्रवेश नहीं हो सके थे। इस बार पिछले दो वर्षों का लक्ष्य भी पूरा किया जा रहा है।

मिलेगी प्राथमिकता
स्कूूलों में इस वर्ष कोविड 19 से माता-पिता, एवं अभिभावक की मृत्यु से अनाथ हुए बच्चों को मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल कल्याण योजना में ऑनलाइन लॉटरी में प्राथमिकता मिलेगी। राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक धनराजू एस ने समयसारिणी जारी कर दी है. इसके साथ ही सभी कलेक्टर्स एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।

ऑनलाइन आवेदन करने में कोई समस्या होने की स्थिति में संबंधित विकासखंड के बीआरसी कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है। लॉटरी प्रक्रिया के बाद आवंटित सीट की जानकारी आवेदक स्टूडेंट को उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से मिलेगी। ऑनलाइन लॉटरी की सूची आरटीई के आधिकारिक पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही स्कूल आवंटन की जानकारी बीआरसीसी कार्यालय के सूचना पटल पर भी उपलब्ध रहेगी।