रीवा. मध्यप्रदेश की एक युवती अपने प्रेमी से मिलने पाकिस्तान के लिए निकल पड़ी. सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद लड़के से मिलने पाकिस्तान जा रही रीवा में रहने वाली लड़की को पंजाब पुलिस ने अटारी बॉर्डर पर गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय युवती के पास पाकिस्तान का वीजा भी था। इस हिसाब से वो पाकिस्तान जा भी सकती थी, लेकिन युवती के घर वालों द्वारा उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर यानी LOC जारी कराया गया था. इसके चलते अमृतसर जिले के अटारी बॉर्डर पर कस्टम विभाग और बीएसएफ की तरफ से युवती को पकड़कर रीवा पुलिस के हवाले कर दिया गया।

अटारी पुलिस की पूछताछ के अनुसार, 24 वर्षीय युवती की कहानी 14 जून से शुरू हुई थी। रीवा के थाना कोतवाली में अचानक वह घर से अपने डॉक्यूमेंट और पासपोर्ट लेकर भाग गई। युवती जब नहीं मिली तो परिवार की ओर से शहर के थाना कोतवाली में गुमशुदगी की कंप्लेंट दर्ज कराई। घर से युवती का पासपोर्ट भी गायब था, जिसकी जानकारी लगते ही परिवार ने तुरंत ही पुलिस के जरिए युवती का LOC भी जारी करवा दिया, ताकि युवती पाकिस्तान न जा सके।

परिवार से पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, मामला प्यार का है। सोशल मीडिया पर युवती को एक पाकिस्तानी युवक दिलशाद से प्यार हो गया। युवती ने दिलशाद के कहने पर पासपोर्ट भी बनवा लिया। कई बार पाकिस्तान जाने की बात वो अपने परिवार से भी कह चुकी थी। इतना ही नहीं, दिलशाद के साथ मिलकर उसने पाकिस्तान का वीजा भी जारी करवा लिया. जब वह घर से भाग गई तो मामला परिवार की समझ में आया।

घर से पासपोर्ट-डॉक्यूमेंट और कैश लेकर भागी युवती की शिकायत परिवार ने 14 जून को रीवा के कोतवाली थाने में दी। परिवार को उसके विदेश जाने पर शक था तो पुलिस से कह कर LOC भी जारी करवा दी गई। इसी दौरान जब पाकिस्तान जाने के लिए युवती अटारी बॉर्डर पर पहुंची तो कस्टम विभाग के अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। साथ ही रीवा पुलिस के साथ-साथ उसके परिवार को भी सूचना दी। शनिवार सुबह रीवा पुलिस अमृतसर पहुंच गई, जहां युवती को रीवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।