सरकार ने महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के आदेश जारी किए। 

उत्तराखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के आदेश जारी किए हैं। कार्मिकों को अब तीन फीसदी की वृद्धि के बाद डीए 34% मिलेगा। जून महीने में देय सैलरी के साथ बढ़े हुए महंगाई भत्ता का भुगतान होगा। 1 जनवरी 2022 से लेकर 30 अप्रैल तक पुनरीक्षित भत्ते के एरियर का भुगतान नकद किया जाएगा।

मंगलवार को धामी सरकार ने डीए को लेकर इंतजार समाप्त कर दिया। मई के जून महीने में मिलने वाले वेतन के साथ कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता भी मिलेगा। वित्त अपर सचिव गंगा प्रसाद ने बढ़ाए गए डीए के आदेश जारी किए। सातवें, छठे और पांचवें वेतनमान ले रहे कर्मचारी और पेंशनर के लिए यह आदेश जारी हुआ। 7 वें वेतनमान वाले प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण व प्राविधिक एजुकेशन संस्थान, स्थानीय निकायों, कार्य प्रभारित कर्मचारी, यूजीसी वेतनमान में कार्यरत शिक्षक और पेंशनर्स को 1 जनवरी 2022 से 3 प्रतिशत बढ़ा हुआ डीए मिलेगा।

छठें वेतनमान के अंतर्गत कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में सात प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई। उन्हें अब 203% डीए मिलेगा। पांचवें वेतनमान वाले कर्मियों और सेवानिवृतों के महंगाई भत्ते में 13 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्हें अब 381 प्रतिशत डीए मिलेगा।