महाराष्ट्र में सियासी संकट में नया टिवस्ट आ गया है। शिवसेना में बगावत के बीच राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसे में राज्य में चल रहा सियासी संकट लंबा खिंच सकता है। दूसरी और सत्तारूढ़ महाविकास अगाडी की सरकार पर संकट और गहरा गया है।
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराये जाने की खबर है। राजभवन कार्यालय के मुताबिक़ बुधवार को जांच के बाद राज्यपाल कोरोना संक्रमित पाए गए जिसके बाद उन्हें दक्षिण मुंबई के रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी ओर शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने अपने साथ 40 बागी विधायकों के गुवाहाटी पहुंचने का दावा किया है। बुधवार को गुवाहाटी एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में शिंदे ने कहा, यहां 40 विधायक मेरे साथ मौजूद हैं। जल्द ही 10 विधायक और मेरे साथ जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हम दिवंगत बालासाहेब ठाकरे द्वारा स्थापित शिवसेना को जारी रखने के इच्छुक हैं।
इधर उद्धव ठाकरे आज सियासी संकट के बीच कैबिनेट की अहम बैठक करने जा रहे हैं। बैठक में यह भी तय हो जाएगा कि सीएम उद्धव कुर्सी बचा पाएंगे या नहीं इधर कांग्रेस के पर्यवेक्षक बनाये गए कमलनाथ के मुंबई पहुंचने की खबर है। वे आज विधायक दल की बैठक में भाग लेंगे। वहीं महाराष्ट्र के मंत्री और कांग्रेस नेता नितिन राउत ने कहा है कि बीजेपी राज्य सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है जो सफल नहीं होगी।