भोपाल: मप्र में भोपाल-इंदौर हाईवे के बीच देवास एवं सोनकच्छ के मध्य इंटरनेशनल  ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जायेगा।इस एयरपोर्ट को बनाने के लिये केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर करीब बीस हजार एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है। इस एयरपोर्ट का निर्माण एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इण्डिया करेगी।

देवास एवं सोनकच्छ के बीच ज्यादातर राजस्व विभाग की भूमि है तथा कुछ हिस्सा वन क्षेत्र का भी है जिसकी क्लीयरेंस एयरपोर्ट अथारिटी लेगी। राज्य के विमानन विभाग ने राजस्व विभाग को उसकी भूमि उपलब्ध कराने के लिये कहा है। वहां ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के लिये सर्वे भी किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि तीन साल पहले तत्कालीन कमलनाथ सरकार के समय देवास के पास 20 हजार एकड़ में इंडस्ट्रियल टाउनशिप व नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ था। उस समय इस पर 5435 करोड़ रुपए लागत बताई गई थी।