खरगोन. पति-पत्नी का रिश्ता आपसी विश्वास का होता है, पति-पत्नी में विवाद और झगड़ा होना भी आम बात है. हालांकि कभी-कभी मामूली बात से शुरु हुआ विवाद परिवार को तबाह कर देता है। ऐसा ही एक मामला खरगोन में सामने आया है जहां पति-पत्नी के बीच मामूली बात पर झगड़ा हो गया। विवाद से गुस्सा होकर पत्नी मायके चली गई और इससे दुखी पति ने खुदकुशी कर ली। पति की मौत की खबर से पत्नी को इस कदर सदमा लगा कि उसने भी पांच दिन बाद जहर खाकर अपनी जान दे दी।

खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर ग्राम बरुड़ की यह घटना है जहां दुर्गा मंदिर कॉलोनी में रहने वाले सुनील बरड़े का कुछ दिन पूर्व पत्नी संगीता बाई से विवाद हो गया था। इससे नाराज होकर पत्नी संगीता पति का घर छोड़ अपने पिता के घर बिल्वा धूलकोट रहने चली आई। पत्नी के घर छोड़कर जाने की बात 30 साल के सुनील को इस कदर चुभी कि उसने 18 जून को घर में रखा कीटनाशक पी लिया और खुदकुशी कर ली।

मायके में रह रही पत्नी संगीता को जब अपने पति सुनील की मौत की खबर मिली तो उसे गहरा सदमा लगा। इसके बाद वह हर वक्त रोते रहती थी। संगीता अपने पति की मौत का गम ज्यादा दिनों तक बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने भी गुरुवार रात को जहर खाकर खुदकुशी कर ली। जहर खाने से पहले संगीता ने अपने मोबाइल में भावुक स्टेटस डाला कि मैं सुनील से बहुत प्यार करती हूं. और उनके बिनाजी नहीं सकती। स्टेटस पर इतना लिखने के बाद संगीता ने जहर पी लिया। जैसे ही संगीता के परिजनों ने मोबाइल पर स्टेटस देखा तो वे तुरंत संगीता के पास पहुंचे और उसे लेकर अस्पताल पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।