भोपाल: राज्य के जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता मदन सिंह डावर ने सतना जिले में स्टाप डेम निर्माण् घोटाले में दो कार्यपालन यंत्रियों को आरोप-पत्र थमा दिये हैं।
इनमें अपर पुरवा नहर संभाग रीवा के कार्यपालन यंत्री पीके पाण्डेय एवं जल संसाधन संभाग सतना के कार्यपालन यंत्री आईपी बागरी शामिल हैं।
पीके पाण्डेय पर आरोप है कि वे जब सतना में वर्ष 2012-13 में कार्यपालन यंत्री के रुप में पदस्थ थे तब उन्होंने नगर परिषद नागौद में स्टापडेम निर्माण कार्य में एक ही कार्य की पृथक-पृथक तकनीकी स्वीकृति प्रदान की जिससे शासन को 63 लाख 8 हजार रुपयों की आर्थिक क्षति हुई।
इसी प्रकार, आईपी बागरी पर आरोप है कि उन्होंने नगर परिषद नागौद में उपयंत्री रहते वर्ष 2012-13 में बिना प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त किये स्टाम डेम निर्माण कार्य में अनियमितता की जिससे 39 लाख 80 हजार रुपयों की आर्थिक क्षति हुई।