देश में एक बार फिर से कोरोना का प्रकोप शुरू हो गया है. भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5,880 मामले सामने आए हैं. इस बीच, 12 लोगों की मौत हो गई है. 

इतना ही नहीं रोजाना पॉजिटिव रेट बढ़कर 6.91% हो गया है. यानी हर 100 टेस्ट में करीब 7 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है. देश में साप्ताहिक पॉजिटिव रेट बढ़कर 3.67% हो गया.

दिल्ली में पॉजिटिव रेट 21.15%-

देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के करीब 700 केस मिल चुके हैं. राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 2500 हो गई है. दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 3305 टेस्ट किए गए हैं, जिनमें से 699 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. 

यानी पॉजिटिविटी रेट 21.15% पर पहुंच गया है. राजधानी में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 4 मरीजों की मौत हुई है. हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, एक मरीज की कोरोना से मौत हुई है. जबकि 3 मरीजों की मौत की प्राथमिक वजह कोरोना नहीं है.

महाराष्ट्र में 788 मामले-

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 788 मामले सामने आए हैं. इस बीच एक मरीज की मौत भी हुई है. इसके साथ ही राज्य में कुल मरीजों की संख्या 4587 हो गई है. 

दूसरी ओर, मुंबई शहर ने रविवार को 211 नए मामले दर्ज किए, लगातार छठे दिन जब शहर में 200 से अधिक मामले पाए गए. पिछले 24 घंटे में 560 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है. 

राज्य में कोविड-19 से मृत्यु दर 1.82 प्रतिशत है, जबकि ठीक होने की दर 98.12 प्रतिशत है.

बिहार में 42 मामले आए सामने-

बिहार में कोरोना के 42 नए मामले सामने आए हैं. सबसे ज्यादा मामले पटना में देखे गए हैं. इससे पहले 46 मामले सामने आए थे.

हिमाचल में कोरोना के 137 नए मामले-

हिमाचल प्रदेश में कोरोना के 137 नए मामले सामने आए हैं. इस बीच 4 लोगों की मौत भी हुई है. एक्टिव मरीजों की बात करें तो राज्य में कोरोना के 1,764 मामले हैं. 

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को शिमला में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि सिरमौर जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई. उन्होंने कहा कि मृतक सभी 50-81 वर्ष की आयु के पुरुष थे.

राजस्थान में 165 नए मामले-

राजस्थान में रविवार को कोविड-19 के 165 नए मामले सामने आए. वहीं, एक मरीज की मौत हो गई है. स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, दौसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे राज्य में मरने वालों की संख्या 9,667 हो गई. राज्य में 651 सक्रिय मामले हैं और नौ लोग संक्रमण से उबर चुके हैं.

XBB.1.16 वेरियंट के देश में 38 फीसदी केस-

भारत में मिले कोरोना मामलों में 38 फीसदी मामले नए प्रकार के XBB.1.16 के हैं. जीनोम सीक्वेंसिंग की देखरेख करने वाली कंपनी INSACOG के मुताबिक, देश में रोजाना कोरोना के 38.2% मामले XBB.1.16 वैरिएंट के होते हैं. INSACOG ने गुरुवार को जारी अपने बुलेटिन में कहा कि मार्च के तीसरे हफ्ते तक लिए गए सैंपल में Omicron का XBB वेरिएंट सबसे ज्यादा प्रचलित था.

बुलेटिन के मुताबिक, ओमिक्रॉन और इसके उप-प्रकार भारत में फैलते जा रहे हैं. पिछले कुछ दिनों से संक्रमण की दर में इजाफा हो रहा है. खासकर, भारत के पश्चिमी, दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में ज्यादा है. बुलेटिन में कहा गया है कि नए वेरिएंट XBB.1.16 को भारत के विभिन्न हिस्सों में देखा गया है.