मध्यप्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पानी गिर गया है. रविवार को राज्य के शिवपुरी,बालाघाट, सीधी, गुना, ग्वालियर सिटी, रीवा, अशोकनगर के अलावा दमोह जिले में भी तेज पानी गिरा। इसके साथ ही बड़वानी, अशोकनगर, राजगढ़, धार सिटी, भिंड, रीवा, गुना, शहडोल, छिंदवाड़ा, उज्जैन, इंदौर और भोपाल को भी बारिश ने खासा भिगोया। मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश के 12 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है.
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मानसून की बंगाल की खाड़ी वाली ब्रांच ज्यादा एक्टिव है. इधर अरब सागर वाली ब्रांच नमी प्रदान कर रही है। इसी कारण से प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 22 जिलों में जमकर बारिश हुई। मप्र में मानसून चार दिन पहले दस्तक दे चुका है. रविवार को मानसून नर्मदापुरम, रायसेन, इंदौर, देवास के साथ जबलपुर में भी पहुंच गया।
मानसून की यही रफ्तार रही तो भोपाल में भी जल्द ही होगा। मौसम विभाग की मानें तो भोपाल में सोमवार को मानसून की एंट्री हो जाएगी। एक दिन बाद यानी मंगलवार तक मानसून इंदौर को भी तरबतर करने लगेगा। उज्जैन, मंदसौर, शाजापुर, राजगढ़, विदिशा आदि जिलों में भी आज ही मानसून पहुंच जाने का अनुमान है.
इन 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, खरगोन, झाबुआ, रतलाम, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला, राजगढ़, नीमच और मंदसौर शामिल हैं. इनके साथ ही छिंदवाड़ा में भी सोमवार सुबह तक तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, भोपाल, शहडोल, सागर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, जबलपुर, चंबल, रीवा और उज्जैन संभागों में मानसून की बरसात होगी. इनमें से कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।