कुछ दिनों से फ्लाइट में यात्रियों के दुर्व्यवहार की खबरें सामने आ रही हैं। अब ऐसी ही अनोखी घटना एयर विस्तारा की प्लाइट में देखने को मिली है। अबू धाबी से मुंबई आ रही फ्लाइट में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।

इटली की एक महिला ने पहले एक फ्लाइट क्रू मेंबर को गाली देना शुरू किया और फिर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, कुछ ही मिनटों में उसने अपने कपड़े उतार दिए और कॉरिडोर में बिना कपड़ों के ही घूमने लगी। चलिए आपको बताते हैं ये सब कैसे शुरू हुआ।

दरअसल, महिला इकोनॉमी क्लास का टिकट लेकर फ्लाइट में सवार हुई लेकिन बिजनेस क्लास में बैठने की जिद पर अड़ गई। केबिन क्रू ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने हंगामा कर दिया। उन्होंने चालक दल के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने इटली की रहने वाली पाओला पेरुशियो नाम की 45 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

सहार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें सोमवार (30 जनवरी) को एयर विस्तारा फ्लाइट यूके 256 के केबिन क्रू से शिकायत मिली। फ्लाइट ने उसी दिन 2.03 बजे IST आबू धाबी से उड़ान भरी।

उन्होंने बताया कि रात करीब ढाई बजे इकोनॉमी क्लास में बैठी महिला अचानक उठी और दौड़कर बिजनेस क्लास में बैठ गई। केबिन क्रू के दो सदस्यों ने पहले जाकर महिला से बात की। जब उन्हें लगा कि महिला को कोई परेशानी नहीं है तो उन्होंने उसे अपनी सीट पर वापस जाने के लिए कहा।

इस बीच, महिला ने उसे गाली देना शुरू कर दिया और जब उसने महिला से अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं करने के लिए कहा, तो महिला ने एक चालक दल के चेहरे पर मुक्का मारा और दूसरे पर थूक दिया। बाकी क्रू मेंबर्स के आने के कुछ देर बाद ही महिला ने अपने कपड़े उतार दिए और फ्लाइट के कॉरिडोर में चलने लगी।

काफी मशक्कत के बाद महिला को काबू में किया गया। शाम करीब 4.53 बजे जब फ्लाइट छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरी तो महिला यात्री को विस्तारा सुरक्षा अधिकारियों और फिर सहार पुलिस को सौंप दिया गया।