भोपाल. मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश से नदियां और नाले उफना गए हैं। तेज बरसात के कारण प्रदेशभर में हादसे भी हो रहे हैं. प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य जिले बैतूल में भी एक ऐसा ही हादसा हुआ जब एक युवक बाढ़ से उफनाती नदी में फंस गया. वह कई घंटे तक नदी के बीच फंसा रहा। पहाडों में तेज और लगातार बरसात के कारण इटारसी सुखतवा के पुल पर पानी आ गया. इससे नेशनल हाईवे बंद हो गया है. पुल पर बाढ़ का पानी आ जाने से दोनों ओर में सैंकड़ों लोग फंस गए हैं.
जानकारी के अनुसार इटारसी और बैतूल के बीच सुखतवा में नदी में बाढ़ आ गई है. इससे सुखतवा के नए पुल पर करीब डेढ फीट पानी भर गया है जिससे नेशनल हाईवे बंद हो गया है. पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है. बस, कार में सैंकड़ों लोग फंस गए हैं. वाहन चालक पुल पर से पानी उतरने का इंतजार कर रहे हैं.
इधर बैतूल जिले के बाटका गांव के युवक रामदास सेलूकर के साथ दुखद वाकया हुआ. सोमवार को वह दोपहर में मछली पकड़ने के लिए भडंगा नदी पर गया था। अचानक नदी में बाढ़ आ गई जिससे वह बीच में ही एक चट्टान पर फंस गया। पुलिस प्रशासन को सूचना मिलने के बाद उसे रात करीब पौने 8 बजे रेस्क्यू किया गया। उफनाती नदी में फंसे युवक को मौत मंडराते नजर आ रही थी. इस दौरान वह बचाने के लिए बार—बार गुहार लगाता रहा. वह करीब 7 घंटे तक नदी के बीच फंसा रहा।