मध्यप्रदेश में रविवार को हुए अलग—अलग हादसों मेें कई लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. श्योपुर में जहां एक दंपत्ति पानी में बह गए वहीं राजगढ में एक बच्चे की बिजली गिरने से मौत हो गई. उसके माता पिता भी बुरी तरह झुलस गए.
भारी बारिश की वजह से श्योपुर जिले में नदी-नाले उफना गए। देर रात आवदा थाना इलाके में आदिवासी दंपती बरसाती नदी में बह गए। कैलोर पंचायत के केरका गांव के रामस्वरूप आदिवासी और उनकी पत्नी रात करीब 9 बजे जंगल से लौट रहे थे। बरसाती नदी को पार करते वक्त दोनों अचानक तेज बहाव में बह गए। देर रात रामस्वरूप का शव तो बरामद कर लिया गया लेकिन महिला लापता बताई जा रही है।
इधर श्योपुर शहर से ही करीब 9 किलोमीटर दूर बावंदा पर सीप नदी में उफान आने से श्योपुर-शिवपुरी हाईवे बंद हो गया। रविवार शाम 6 बजे से बंद हाईवे पर देर रात पानी कम हुआ। इधर छिंदवाड़ा में घरों में पानी घुस गया. छिंदवाड़ा में रविवार शाम को हुई बारिश से इलाके के सभी नदी नाले उफना गए। इस बीच राजगढ़ में बिजली गिरने से चार साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मासूम अपने माता-पिता के साथ बाइक से जा रहा था लेकिन अचानक बारिश शुरु हो गई. पानी से बचने के लिए वह माता-पिता के साथ पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी अचानक बिजली गिरी. बिजली गिरने से मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता भी बुरी तरह झुलस गए। यह घटना राजगढ़ के सुठालिया थाना क्षेत्र के अमरगढ़ में रविवार शाम 4 बजे घटित हुई।