मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर खुद को पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता बताया है। सीएम शिवराज ने यहाँ तक कहा कि कहा है कि मैं पार्टी मेंअपने लिए कोई भूमिका तय नहीं कर सकता। अगर पार्टी नेतृत्व कहेगा तो मैं दरी बिछाने के लिए लिए भी तैयार हूं।
सीएम शिवराज ने यह बात दिल्ली में अंग्रेजी अखबार ET (इकोनॉमिक टाइम्स) के एक सवाल का जवाब देते हुए कही है। अखबार से बातचीत करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि एक अच्छा कार्यकर्ता पार्टी के आदेश को फॉलो करता है। वह अपने बारे में खुद फैसले नहीं लेता। पार्टी को पता है कि किस कार्यकर्ता से क्या काम लेना है।
शिवराज दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में भाग लेने पहुंचे हैं। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 16 और 17 जनवरी को हो रही है। मीटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत सभी महासचिव, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, सभी प्रदेशाध्यक्ष और बाकी पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
शिवराज ने साक्षात्कार में कहा कि एक अच्छा कार्यकर्ता पार्टी के हर आदेश का पालन करता है। वह अपने बारे में खुद फैसले नहीं लेता। उन्होंने कहा कि मैं भी भाजपा का आम कार्यकर्ता हूं। बतौर मुख्यमंत्री मेरा लक्ष्य इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और नौकरियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए काम करना रहा है।
गौरतलब है कि करीब 5 महीने पहले जब शिवराज सिंह चौहान को भाजपा संसदीय बोर्ड से बाहर किया गया था, तब भी उन्होंने कमोबेश यही कहा था कि पार्टी मुझे दरी बिछाने का काम देगी तो राष्ट्र हित में यह भी करूंगा। पार्टी कहेगी कि जैत (मुख्यमंत्री का गृह गांव) में रहो तो वहां रहूंगा। पार्टी कहेगी कि भोपाल में रहो तो भोपाल में रहूंगा। राजनीति में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं होना चाहिए।