पंजाब के सीनियर IAS अफसर संजय पोपली के युवा बेटे कार्तिक पोपली की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के वक्त विजिलेंस टीम पोपली के चंडीगढ़ स्थित निवास पर जांच के लिए पहुंची थी। पोपली परिवार का आरोप है कि 26 साल के कार्तिक को विजिलेंस टीम ने गोली मारी है। इकलौते बेटे की मौत के बाद बिलखती मां ने कहा कि बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार इन पुलिस वालों की जब वर्दी न उतरवाई, तब तक वे बेटे के खून लगे हाथ को नहीं धोएंगी। विजिलेंस टीम ने 4 दिन पहले संजय पोपली को करप्शन के मामले में गिरफ्तार किया था जिसके बाद उनके खिलाफ जांच की जा रही थी। इधर चंडीगढ़ के एसएसपी कुलदीप चहल ने कहा कि कार्तिक ने खुद को अपने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारी है।पोपली को मोहाली कोर्ट में पेश किया जाना है। परिजनों का आरोप है कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। विजिलेंस टीम उन पर झूठे बयान देने के लिए दबाव डाल रही थी।
परिवार के अनुसार विजिलेंस की टीम घर आई थी। वहां छानबीन की. इस दौरान कार्तिक और विजिलेंस अफसरों के बीच किसी बात पर बहस हुई। कार्तिक की मां ने बताया कि जब वे ऊपर गईं तो विजिलेंस वाले ने उनके बेटे पर पिस्टल तान रखी थी। उन्हें नीचे भेज दिया गया और इसके बाद उन्होंने गोली की आवाज सुनी। बाद में पता चला कि उनके बेटे को ही गोली लगी है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें झूठे केस में फंसाया गया है। पंजाब के CM भगवंत मान अपनी वाहवाही के लिए छोटे से मामले को भी बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं।
मौत के बाद कार्तिक की डेड बॉडी को सेक्टर 16 के जीएमएचएच में रखवाया गया है। इस बीच चंडीगढ़ पुलिस की फोरेंसिक टीम संजय पोपली के घर में जांच के लिए पहुंची। पोपली के पारिवारिक मित्र एडवोकेट मतविंद्र सिंह ने बताया कि मोहाली कोर्ट में पेशी की बजाय संजय पोपली को विजिलेंस घर ले आई। उन्हें संजय पोपली का फोन आया था कि विजिलेंस ने उनके बेटे को गोली मार दी है। बेटे कार्तिक के सिर पर गोली लगी है।
IAS अफसर संजय पोपली पंजाब में पेंशन डायरेक्टर के पद पर थे। उन पर आरोप लगा कि सीवरेज बोर्ड का CEO रहते हुए सीवरेज प्रोजेक्ट में उन्होंने 1% कमीशन मांगा था। ठेकेदार ने पंजाब सीएम की एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी थी जिसके बाद पोपली को गिरफ्तार कर लिया गया।