SCO Summit India: भारत 4 जुलाई को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के वार्षिक शिखर सम्मेलन की वर्चुअली मेजबानी करेगा. हाल ही में विदेश मंत्रालय ने इसकी घोषणा की है. हालांकि, विदेश मंत्रालय ने शिखर सम्मेलन को वर्चुअली आयोजित करने का कारण नहीं बताया. तो वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री कमल दहल प्रंचद अपने आधिकारिक दौरे पर भारत आने वाले हैं.
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत एससीओ शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता में 4 जुलाई को एससीओ परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्षों के 22वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा. इस सम्मेलन की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली करेंगे.
इन देशों को शिखर सम्मेलन में किया गया आमंत्रित-
विदेश मंत्रालय ने बताया कि एससीओ के प्रत्येक सदस्य देश, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान को शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा, ईरान, बेलारूस और मंगोलिया के पर्यवेक्षक राज्यों को आमंत्रित किया गया है. एससीओ की परंपरा के अनुसार, तुर्कमेनिस्तान को भी अध्यक्ष के अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है.
पिछले साल यहां हुआ था आयोजन-
पिछले साल एससीओ शिखर सम्मेलन उज्बेकिस्तान के समरकंद में हुआ था. शिखर सम्मेलन में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन सहित समूह के हर प्रमुख नेता ने भाग लिया था. इस सम्मेलन में भारत ने 16 सितंबर को एससीओ की अध्यक्षता स्वीकार की.