मध्यप्रदेश के नीमच में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अपमान का मामला सामने आया है.कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बापू की तस्वीर टूट गई. इस दौरान उनकी तस्वीर जमीन पर ही पड़ी रही। कांग्रेसियों ने गांधीजी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया इसके बाद आपाधापी में तस्वीर जमीन पर गिरकर टूट गई पर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित कांग्रेस के दूसरे नेता भी मौजूद थे। 

फोर जीरो चौराहे पर शनिवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था। अतिथियों ने महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मंच पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा होने और आपाधापी में गांधीजी की तस्वीर गिर गई और उसका कांच टूट गया। कांग्रेसियों ने तस्वीर को कोने में रख दिया। आधे घंटे तक यह तस्वीर कोने में जमीन पर पड़ी रही। जब इस पर मीडिया की नजर पड़ी, तो तस्वीर उठाकर पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल की कार में रख दी गई।

बाद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजीत कांठेड़ ने कहा कि महात्मा गांधी की तस्वीर गिरकर टूट गई। मंच पर भीड़ की वजह से तस्वीर गिरी, उसमें किसी का भी महात्मा गांधी की अवज्ञा करने का भाव नहीं है। असावधानी के चलते ऐसा हुआ। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा के चार-पांच बिच्छू जगह-जगह घूमकर लोगों को भ्रमित करते हैं। अब भाजपा के बिच्छू मेरे पीछे पड़ गए हैं। मंदसौर में मैंने जिन्ना को साहब बोल दिया तो ये तिल का ताड़ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पं. नेहरू व जिन्ना भी स्वतंत्रता सेनानी थे, उनका नाम भी आदर के साथ लिया जाएगा।