वो कहते हैं ना पैसा आज है। कल नहीं है... हाथों का मेल है। कल का फकीर आज अमीर है। और आज का अमीर कल फकीर भी हो सकता है। पैसों के मामले में ये बातें अक्सर सच होती दिख जाती हैं। हमने खुद देखा है कि कैसे गौतम अडानी दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति से कुछ ही दिनों में खिसककर 39 वें नंबर पर आ गए। टेस्ला के शेयरों में भारी गिरावट और ट्विटर को टेकओवर करने के बाद एलन मस्क की संपत्ति में भी बड़ी गिरावट दर्ज हुई थी।

संपत्ति के मामले में जिन मस्क के दूर-दूर तक कोई नहीं था, वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में पहले स्थान से खिसक गए थे। लेकिन समय बदलता है। टेस्ला के शेयरों में सिर्फ 2 महीनों में 90 फीसदी का उछाल आया है। इससे एलन मस्क फिर से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। वे फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट को पीछे छोड़कर इस स्थान पर आए हैं। इस साल की शुरुआत में एलन मस्क की संपत्ति 137 अरब डॉलर थी। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, सिर्फ 2 महीने में उनकी संपत्ति में 50 अरब डॉलर से अधिक का उछाल आया है। अब उनकी संपत्ति 187 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।

वहीं, बर्नार्ड अरनॉल्ट की नेटवर्थ इस साल 23.3 अरब डॉलर बढ़कर 185 अरब डॉलर पर पहुंच गई है । तीसरे स्थान पर हैं ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस । उनकी संपत्ति 117 अरब डॉलर है। चौथे स्थान पर 114 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ बिल गेट्स का स्थान है। वहीं, पांचवें स्थान पर वॉरेन बफे हैं, जिनकी संपत्ति 106 अरब डॉलर है। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की संपत्ति में इस साल 36 फीसदी का इजाफा हुआ है। टेस्ला इलेक्ट्रिक व्हीकल और होम सोलर बैटरीज बेचती है । मस्क स्पेसएक्स के भी सीईओ हैं। यह एक रॉकेट मैन्युफैक्चरर है।