इटली के दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की वसीयत चर्चाओं में आ गई है। दरअसल, उन्होंने अपनी वसीयत में 33 वर्षीय गर्लफेंड मार्ता फासीना के लिए 100 मिलियन यूरो यानी 906 करोड़ रुपए से अधिक छोड़े हैं। बर्लुस्कोनी का हाल में 86 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था ।
सिल्वियो बर्लुस्कोनी एक मीडिया टाइकून और राजनीतिज्ञ थे। इसके अलावा वे तीन बार इटली के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। बर्लुस्कोनी के साम्राज्य की कीमत 6 अरब यूरो से अधिक आंकी गई है।
फोर्जा इटालिया की डिप्टी मार्ता फासीना और बर्लुस्कोनी का रिश्ता साल 2020 में शुरू हुआ था। दोनों ने कानूनी तौर पर कभी शादी नहीं की थी। लेकिन, उन्होंने मरने से पहले फासीना को अपनी पत्नी कहकर बुलाया था।