खेल के मैदानों पर जीत के बाद शैंपेन के झाग से लेकर शराब की बोतलों को खनकते तो खूब देखा जाता रहा है लेकिन सियासत में यह दिख भी जाए तो बवाल हो जाता है। यह बवाल आधुनिक व खुली विचारधारा के देशों में भी है। हाल में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें मैक्रों मात्र 17 सेकेंड में बीयर की पूरी बोतल गटक रहे हैं। इस वीडियो में फांस में विवाद हो गया है। लेकिन फ्रांस हो या भारत, या रूस.. हर जगह राजनेताओं को शराब के सेवन करने के बाद सार्वजनिक कार्यक्रमों में 'पकड़ा' गया है।
दरअसल, फ्रांस में तो मैक्रों टूलूज रग्बी खिलाड़ियों के घरेलू लीग का फाइनल मैच जीतने सेलिब्रेशन में पहुंचे थे। वे रग्बी क्लब में खिलाड़ी चेंजिंग रूम में अपनी जीत का जश्न मना रहे थे। उस दौरान वहां मौजूद राष्ट्रपति को भी बीयर की बोतल ऑफर हुई तो उन्होंने 17 सेकेंड में उसे खत्म कर दिया।
अब विपक्ष मैक्रों की इस हरकत को नशे का प्रचार बता रहा है। लेकिन यदि भारत के संदर्भ में देखें तो कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद मणिशंकर अय्यर ने पाकिस्तान के आधिकारिक दौरे के दौरान वहां एक कार्यक्रम में शराब पी थी। घटना ने मीडिया में सुर्खियां बटोरीं थी।
इसे विदेशों में देश का प्रतिनिधित्व करते समय अनुचित व्यवहार बताकर आलोचना की गई। तो कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी का 2019 में एक वीडियो आया था, जिसमें उन्हें एक कार्यक्रम में शराब पीते हुए देखा गया। कई बार यह भी आरोप लगे कि कुछ मौकों पर वह नशे की हालत में कार्यक्रमों में पहुंचे थे।