इमरान खान को सभी मामलों में 17 मई तक जमानत मिल गई है। वहीं पाकिस्तान सरकार देश में आपातकाल लगाने पर विचार कर रही है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान अल-कादिर ट्रस्ट मामले में अपनी जमानत की सुनवाई के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच इस्लामाबाद उच्च न्यायालय (आईएचसी) पहुंचे थे।
सुनवाई के दौरान इमरान ने फिर गिरफ्तारी की आशंका जताई। इस बीच इमरान के समर्थकों ने नारेबाजी की और पाक रेंजर्स से भिड़ गए। सुनवाई स्थगित कर दी गई थी, जो शुक्रवार की नमाज के बाद फिर से शुरू हुई।
इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने इमरान खान पर बड़ा हमला बोला और कहा कि उनके खिलाफ 10 मामलों में गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा, '9 मई देश के लिए शर्मनाक दिन था। देश मुश्किल दौर से गुजर रहा है और देश को अस्थिर करने की कोशिश की गई। अल कादिर ट्रस्ट का मामला 60 अरब के घोटाले का है। न जाने कौन से दस्तावेज थे जो लिफाफे में बंद थे, क्या आप जानते हैं कि वे कश्मीर बेचने के दस्तावेज थे? सुप्रीम कोर्ट इमरान के लिए ढाल बना।
इस बात की पूरी संभावना है कि 9 मई को हुए दंगों के सिलसिले में पंजाब पुलिस आज उन्हें गिरफ्तार कर ले। जिस कोर्ट रूम में सुनवाई हो रही है वह बहुत छोटा कमरा है और चुनिंदा लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति है। इस बीच पाकिस्ताेनी सेना ने लाहौर कॉर्प्सा कमांडर सलमान फैयाज को उनके पद से हटा दिया है। इमरान खान के समर्थकों ने कोर कमांडर के घर पर हमला किया और लूटपाट की।